छतीसगढ़ के गरियाबंद के राजिम इलाके में रेत माफियाओं ने एक यू ट्यूबर की पिटाई कर दी। दरअसल, युवक पैरी नदी के सिंधौरी घाट में चल रहे अवैध खनन का वीडियो बना कर लौट रहा था। रास्ते में माफियाओं के नकाब पोस्ट गुर्गों ने रास्ता रोक पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में राजिम पुलिस ने युवक की शिकायत पर एक आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजिम के इस इलाके में पैरी और महानदी के 8 से भी ज्यादा घाट से रेत का अवैध खनन धडल्ले से हो रहा है।सफेदपोश और राजनीतिकों के संरक्षण में सिंडीकेट 14 मशीनों से लगातार खनन करवा रहा है। यहाँ से रायपुर, भिलाई-दुर्ग जैसे नगरों तक रोजाना 500 से ज्यादा खेप की सप्लाई हो रही है। मारपीट के बाद माइनीग विभाग ने राजस्व के साथ मिल 16 हाईवा को जब्त किया है। पर मारपीट की घटना से अपने आप को अंजान बता रही है। व्यापक पैमाने पर चल रहे रेत तस्करी पर पर्दा डालने के लिए विभाग समय-समय पर छोटी मोटी कार्रवाई कर अपना पीठ थपाथपा लेता है।










