रायपुर, 28 अगस्त 2024 – मंकीपॉक्स (एम-पॉक्स) बीमारी के बढ़ते प्रकोप के बीच, स्वास्थ्य विभाग ने इसकी रोकथाम और बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह बीमारी, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने 14 अगस्त 2024 को सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बन गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सभी जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस एडवाइजरी के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने अधिकारियों को शिविर लगाकर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।
मंकीपॉक्स एक जीनेटिक बीमारी है जो मुख्य रूप से मध्य और पश्चिम अफ्रीका में पाई जाती है, लेकिन हाल के समय में भारत समेत अन्य देशों में भी इसके मामले सामने आए हैं। इसके लक्षणों में बुखार, चकत्ते और लिम्फ नोड्स में सूजन शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, मंकीपॉक्स के संभावित मामलों की त्वरित पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
राज्य सरकार ने सभी जिलों में निगरानी और संपर्क ट्रेसिंग दलों का गठन किया है ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। साथ ही, संक्रमित व्यक्तियों और उनके संपर्क में आने वाले लोगों की निगरानी पर भी जोर दिया गया है।










