रायपुर, 29 सितंबर 2024। छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी संघ ने न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस रायपुर के कन्वेंशन हॉल में सम्मेलन और सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वित्त सचिव शारदा वर्मा थीं और अध्यक्षता कोष, लेखा एवं पेंशन के संचालक रितेश कुमार अग्रवाल ने की।
पहले सत्र में संघ की प्रबंध कार्यकारिणी का निर्वाचन हुआ, जिसमें डॉ. अल्पना घोष निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। उपाध्यक्ष पद पर किरण खरे और कोषाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार पाठक का चयन हुआ। सचिव पद पर सचिन शर्मा और संयुक्त सचिव पद पर भुवनेश्वर नायक निर्वाचित हुए।
दूसरे सत्र में सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शारदा वर्मा ने वित्त विभाग को राज्य शासन की रीढ़ बताते हुए संघ की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। संचालक कोष, लेखा एवं पेंशन ने विभाग में लागू डिजिटल प्रणाली की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।










