रायपुर। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को राजधानी रायपुर के ग्रास मेमोरियल में आयोजित पत्रकार संकल्प महासभा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महाकुंभ में राज्य के 30 से अधिक पत्रकार संगठनों ने हिस्सा लिया। पत्रकारों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने और अन्य संबंधित मांगों को लेकर राजभवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा, इसके बाद पैदल मार्च कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने के लिए सीएम हाउस गए।
प्रदेश भर से हजारों पत्रकार इस महासभा में जुटे थे। यह महत्वपूर्ण है कि प्रदेश में पत्रकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं, बदसलूकी, मारपीट और झूठे मामलों में फंसाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर किसी भी सरकार ने अभी तक ठोस कदम नहीं उठाया है।
इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) के प्रदेश महासचिव विरेंद्र शर्मा ने कहा कि पत्रकारों पर अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, यही कारण है कि प्रदेश भर के पत्रकार रायपुर में एकजुट हुए। मंच पर पीड़ित पत्रकारों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जबकि वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की और पत्रकारों के लिए शासन से विभिन्न सुविधाएं देने का प्रस्ताव रखा।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों का एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल से मिला और पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग के साथ ज्ञापन सौंपा।










