रायपुर, 08 नवंबर 2024। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रायपुर में आयोजित 83वें भारतीय सड़क कांग्रेस अधिवेशन के दौरान घोषणा की कि अगले दो सालों में छत्तीसगढ़ का सड़क नेटवर्क अमेरिकी मानकों के बराबर होगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ में सड़कों के विकास के लिए 20 हजार करोड़ रुपए के कार्यों की स्वीकृति दी, जिसमें चार राष्ट्रीय राजमार्गों के फोरलेन निर्माण की डीपीआर भी शामिल है।
गडकरी ने बताया कि धमतरी से जगदलपुर, रायपुर से बलौदाबाजार-सारंगढ़, कटघोरा से अंबिकापुर, और बिलासपुर से अकलतरा-रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर तक के हाईवे के फोरलेन निर्माण के लिए राशि मंजूर की गई है। इसके अलावा, रायपुर में चार फ्लाईओवर के निर्माण के लिए भी मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य में मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए सड़कों का विस्तार आवश्यक है और राज्य में तेजी से सड़क नेटवर्क का विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के दूर-दराज के इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के प्रयास जारी हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था और परिवहन तंत्र को मजबूती मिलेगी।










