रायपुर, 25 दिसंबर 2024:मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के अवंति विहार चौक में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं का सम्मान करने वाले महान राजनेता थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का नेतृत्व, दूरदृष्टि और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी नीतियों और विचारों ने भारत को नई दिशा दी। उन्होंने आगे कहा कि अटल जी के सपनों को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने जन्मशती के इस विशेष अवसर पर सभी से आग्रह किया कि अटल जी के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, राजेश मूणत सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










