पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फैसलाबाद में एक फैक्ट्री के अंदर हुए भीषण गैस विस्फोट ने भारी तबाही मचा दी। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि कारखाने की पूरी इमारत मौके पर ही ढह गई। विस्फोट का असर आसपास के इलाके पर भी पड़ा और सात घर भी प्रभावित हुए। हादसे की वजह बॉयलर फटना बताई गई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि यह विस्फोट गैस लीकेज के कारण हुआ। फैसलाबाद के कमिश्नर राजा जहांगीर अनवर के ऑफिस द्वारा भी इस वजह की पुष्टि की गई है।
मलबे से अब तक 15 शव निकाले जा चुके हैं। घायलों में से 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पाँच सदस्यीय जांच समिति के गठन का आदेश दिया है, जो विस्फोट के कारणों और जिम्मेदारियों की जांच करेगी।










