जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर मेटावाड़ा के निकट एक तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने सड़क पार कर रहे एक भालू को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में भालू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम (पीएम) कराया जाएगा, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वन विभाग के एसडीओ देव लाल दुग्गा ने बताया कि बुधवार की सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि एक भालू सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। भालू गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर वाहन के कई टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिससे वाहन की पहचान में मदद मिल सकती है।









