रायगढ़ से खबर:
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव लटके हुए मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल है।
यह मामला छाल थाना क्षेत्र के एडूकला गांव का है। बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग महुआ बीनने जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर लटके दो शवों पर पड़ी। दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मर्ग कायम कर दोनों शवों को नीचे उतारा गया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के बीच संबंध होने की बात सामने आ रही है, हालांकि घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके।










