रायपुर | 25 जून 2026:प्रदेश के नगरीय निकायों को मरम्मत और संधारण कार्यों के लिए बड़ी राहत मिली है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने 22 करोड़ 6 लाख रुपए की आपात निधि जारी कर दी है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए प्रदान की गई है।
विभाग के निर्देश पर संचालनालय ने सभी नगरीय निकायों के खातों में राशि हस्तांतरित कर दी है, जिससे शहरों में जरूरी मरम्मत कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 14 नगर निगमों को कुल 13 करोड़ 76 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं। वहीं 56 नगर पालिकाओं को 5 करोड़ 18 लाख रुपए और 124 नगर पंचायतों को 3 करोड़ 66 लाख रुपए की राशि दी गई है।
इस आपात निधि का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव और त्वरित सुधार कार्यों को सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएं मिल सकें।










