रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम, वीर सेनानियों के योगदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा तथा राज्य की सुशासन और विकास उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न खंडों का अवलोकन करते हुए दुर्लभ छायाचित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और सूचनात्मक सामग्री में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के अनेक वीर सपूतों ने संघर्ष और बलिदान दिया। उनकी राष्ट्रभक्ति और त्याग की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। ऐसी प्रदर्शनियां युवाओं को इतिहास से जोड़ने के साथ राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करती हैं।

# स्वतंत्रता संग्राम से विकसित छत्तीसगढ़ तक की यात्रा
प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता सेनानियों, जननायकों और अमर बलिदानियों के योगदान से जुड़े दुर्लभ चित्र, दस्तावेज और ऐतिहासिक प्रसंग प्रदर्शित किए गए हैं। महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ प्रवास तथा सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी विशेष स्थान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल अतीत का स्मरण नहीं है, बल्कि विरासत से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम भी है। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं, आधुनिक अधोसंरचना, सुशासन और तकनीकी प्रगति से बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर दिखाई गई है।

# ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा
प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा पर केंद्रित खंड है। इसमें इसकी रचना से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रजागरण के स्वर के रूप में स्थापित होने तक की यात्रा को ऐतिहासिक संदर्भों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी के जरिए नई पीढ़ी को ‘वंदे मातरम्’ के राष्ट्रभाव और स्वतंत्रता आंदोलन में इसके ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।
# टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख रुपये
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर की दो महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरों—टाउन हॉल और शहीद स्मारक—के संरक्षण, साज-सज्जा और नवीनीकरण के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों की स्मृतियों को संजोए हुए है, जबकि ऐतिहासिक टाउन हॉल रायपुर की सांस्कृतिक पहचान और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इन धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को इतिहास और संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
# महतारी वंदन से किसान और युवा योजनाओं तक विकास की झलक
प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभाव को भी प्रदर्शित किया गया है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना, किसानों के लिए कृषक उन्नति योजना और जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान के सपने को पूरा करने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
इसके अलावा युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और नए अवसरों के विस्तार तथा श्रमिकों और विभिन्न वर्गों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी छायाचित्रों और सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से दी गई है।
# सुशासन और आधुनिक अधोसंरचना की तस्वीर
प्रदर्शनी में डिजिटल पंजीयन, सुशासन तिहार, हरित छत्तीसगढ़, शिक्षा और अधोसंरचना विस्तार सहित राज्य की विकास यात्रा को भी प्रदर्शित किया गया है। सड़क और रेल संपर्क, औद्योगिक अधोसंरचना, निवेश तथा रोजगार के नए अवसरों से जुड़े विकास कार्यों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की प्रेरणा देता है। यही प्रेरणा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की ऊर्जा बननी चाहिए।
# एआई तकनीक से विरासत और पर्यटन का नया अनुभव
प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीक और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम भी देखने को मिल रहा है। एआई आधारित पहल के जरिए आगंतुक प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों की पृष्ठभूमि के साथ अपनी डिजिटल तस्वीर तैयार करा सकते हैं। बच्चों और युवाओं में यह पहल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
# विजिटर डायरी और डॉक्यूमेंट्री भी आकर्षण
प्रदर्शनी स्थल पर विजिटर डायरी रखी गई है, जिसमें नागरिक स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रप्रेम और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से जुड़े अपने विचार दर्ज कर सकते हैं। राज्य की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास यात्रा पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में अपने विचार दर्ज करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए युवाओं और विद्यार्थियों से इसे देखने की अपील की।
# 21 अगस्त तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी
कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में आयोजित यह सात दिवसीय प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, विधायक पुरंदर मिश्रा, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, कलेक्टर गौरव सिंह, अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव सहित जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










