रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को सक्ती जिले को करीब 122 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत वाले कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इन विकास कार्यों में करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन और लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से सक्ती जिले में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सड़क अधोसंरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया गया। इनमें करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा और चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा करीब 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े, कर्राखई और ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण कार्य की भी आधारशिला रखी गई।
अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित कई अन्य सड़क परियोजनाओं का भी भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और सड़क संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
शिक्षा और युवाओं से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। इससे जिले में उच्च शिक्षा और कौशल विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की भी आधारशिला रखी गई। इसके साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।
लोकार्पित विकास कार्यों में मालखरौदा क्षेत्र में करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट और सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण शामिल है। वहीं करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई और बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किया गया। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप भी जनता को समर्पित किए गए। इसके अलावा चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशासन, कानून-व्यवस्था और महिला सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।










