रायपुर। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नया कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 48 लाख रुपये की लागत से निर्मित नए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। नए भवन के शुरू होने से प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
लोकार्पण के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आम नागरिकों को बेहतर शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामले सीधे आम जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए उनका निराकरण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाना जरूरी है।
विजय शर्मा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे स्वयं को जनता का सेवक मानकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके कार्य निर्धारित समय पर पूरे हों। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
## मां हिंगलाज मंदिर के विकास के लिए 9.47 करोड़ रुपये स्वीकृत
उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सूतियापाठ स्थित मां हिंगलाज माता मंदिर के जीर्णोद्धार और ग्राम मोतिमपुर से मंदिर तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 9 करोड़ 47 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक स्थल के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में बिलासपुर रोड और रायपुर रोड से प्रवेश करने वाले मार्गों पर 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा माता विंध्यवासिनी मंदिर और बूढ़ा महादेव मंदिर के विकास कार्य भी किए जा रहे हैं। महामाया मंदिर चौक से समनापुर तक सड़क चौड़ीकरण से भी आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
## एसडीएम कार्यालय में किसानों के लिए किसान सदन की सुविधा
नए एसडीएम कार्यालय परिसर में बनाए गए किसान सदन में नागरिकों और किसानों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां टेलीविजन, आरामदायक कुर्सियां और वाटर कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य कार्यालय में अपने काम से आने वाले किसानों और नागरिकों को इंतजार के दौरान होने वाली असुविधा से राहत देना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कवर्धा नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एवं शाकंभरी बोर्ड के सदस्य संतोष पटेल, लाला राम साहू, जनपद पंचायत लोहारा अध्यक्ष दुर्गा ठाकुर, नगरपालिका लोहारा अध्यक्ष सरिता मिश्रा, जिला पंचायत सभापति मनीराम साहू और नगरपालिका लोहारा उपाध्यक्ष हेमंत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










