इन दिनों शहर की फैशन डिजाइनर्स फैशनेबल्स मास्क बना रही हैं, ताकि लोग आकर्षित हों, और मास्क पहनें। बच्चों के लिए कार्टून छपे हुए मास्क बनाए जा रहे हैं तो युवाओं के लिए अलग डिजाइनर मास्क। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग तरह के मास्क बनाए जा रहे हैं।
फैशन डिजाइनर्स के अनुसार महिलाएं फैशनेबल चीजें ही उपयोग करती हैं। इसलिए उनके लिए फ्लोरल व बॉबी प्रिंट के मास्क तैयार किये जा रहे हैं। अलग-अलग कलर के भी मास्क हैं, ताकि महिलाएं साड़ी के हिसाब से मास्क पहन सकें।
फैशन डिजाइनर परविंदर कौर बताती हैं कि सभी वर्गों को ध्यान में रखकर मास्क तैयार किये जा रहे हैं। बच्चों के लिए कार्टून छपे वाले मास्क बनाए जा रहे हैं। क्योंकि बच्चों को ज्यादातर कार्टून पसंद आते हैं। इसमें छोटा भीम, मिक्की माउस और मोटू पतलू जैसे कार्टून थीम पर मास्क बनाए जा रहे हैं।
गर्मी के दिनों को ध्यान में रखते हुए सभी मास्क कॉटन के कपड़े के बनाए जा रहे हैं। थ्री लेयर मास्क भी बनाया जा रहा है। इसकी चौड़ाई आठ इंच व लंबाई नौ इंच है। थ्री लेयर के मास्क में सांस लेने में आसानी होती है। इसे आसानी से धोया भी जा सकता है।










