यूनियन बैंक प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को अजीबोगरीब आदेश जारी किया है। इस आदेश में बैंक कर्मियों को नवरात्र में खास रंग की ड्रेस पहनकर आने के लिए कहा गया है। ऐसा नहीं करने जुर्माना लगाए जाने की चेतावनी भी दी गई है। हालांकि विरोध के बाद यह आदेश वापस ले लिया गया।
यह परिपत्र बैंक के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय से एक अक्टूबर को महाप्रबंधक एआर राघवेंद्र के हस्ताक्षर से जारी हुआ है। परिपत्र में कहा गया है कि बैंक के सभी अधिकारी-कर्मचारी और फील्ड में जाकर कार्य करने वाले सहयोगी कर्मचारी सात अक्टूबर से पीले, हरे, भूरे, नारंगी, सफेद, लाल, नीले, गुलाबी और बैंगनी रंग के वस्त्र पहनें। उन्हें इस क्रम में 15 अक्टूबर तक वस्त्र पहनने हैं।
अधिकारियों-कर्मचारियों को इन वस्त्रों में ग्रुप फोटो खिंचवाने के लिए भी कहा गया है। इस ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर 200 रुपये का जुर्माना देना होगा। 14 अक्टूबर को सभी को चाट पार्टी करने के लिए कहा गया है। परिपत्र में लिखा गया है कि उस दिन कर्मी लंच बाक्स लेकर बैंक न आएं।










