सूरजपुर: प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में 25 हाथियों के दल से बिछड़े एक दंतैल हाथी ने शुक्रवार देर रात धान की रखवाली कर रहे ग्रामीण दंपती को कुचलकर मार डाला। घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के भटगांव थाना क्षेत्र के बिसाही नवापारा की है। वहीं, दल से बिछड़ा एक अन्य हाथी मोहनपुर गांव के जंगलों में घूम रहा है। बिसाही नवापारा निवासी कविलास राजवाड़े (40) और उनकी पत्नी धनियारो राजवाड़े (38) शुक्रवार रात खेत के पास खलिहान में धान की रखवाली करते हुए सोए थे। रात करीब दो बजे दंतैल हाथी ने खलिहान की दीवार को तोड़ दिया। दीवार टूटने की आवाज सुनकर दंपती जाग गए और भागने लगे, लेकिन हाथी ने पहले पति को सूंड से पकड़कर कुचल दिया। इस दौरान पत्नी ने भागकर दीवार के दूसरी ओर जाने के लिए लकड़ी के दरवाजे को खोलने का प्रयास किया, लेकिन भय के कारण वह सफल नहीं हो पाई। इसी बीच हाथी ने उसे भी अपनी चपेट में ले लिया और कुचलकर मार डाला। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न कर दिया है।










