कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशलपुर में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग पर तीन अज्ञात लोगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में उनकी मौत हो गई। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की मुख्य वजह चुनावी रंजिश मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत बिंझरा चुनाव में अक्षय गर्ग की हार के बाद एक निकटवर्ती प्रतिद्वंद्वी से विवाद बढ़ गया था। करीब एक वर्ष पहले चुनावी हार को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी, तभी से बदले की भावना पनप रही थी। जांच के दौरान यह अहम तथ्य सामने आया है कि घटना के समय वहां एक गाड़ी देखी गई, जो मुस्ताक की है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।










