अग्रसेन महाविद्यालय (पुरानी बस्ती रायपुर) में आज पूर्व छात्रों का सम्मेलन (एल्युमिनी मीट) का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी, समिति के सह सचिव डॉ रविंद्र अग्रवाल तथा महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल सहित सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया. अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से पूर्व छात्रों के सम्मेलन की परंपरा प्रायः सभी शिक्षण संस्थानों में देखने को मिल रही है, जो कि एक अच्छी पहल है. इससे नए छात्रों को करियर और रोजगार में भी निश्चित रूप से मदद मिलती है
इस आयोजन को एक सार्थक पहल बताते हुए आमंत्रित अतिथियों ने कहा कि एल्यूमिनी मीट के आयोजन से पुराने और नए छात्रों का आत्मीय सम्बन्ध बनता है और वे एक दूसरे के लिए भी मददगार हो सकते हैं. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महाविद्यालय के पूर्व छात्रों को साधुवाद देते हुए महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन से पुराने विद्यार्थी संस्थान के नए छात्रों के सहयोग के लिए स्वयं पहल करते हैं. डॉ अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय केवल अध्ययन और अध्यापन के लिए ही नहीं जाना जाता, यहाँ सांस्कृतिक गतिविधियां भी निरंतर होती रहती है
शिक्षण समिति के सचिव एवं महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर तथा वाणिज्य संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ अमित अग्रवाल. ने कहा कि इस आयोजन से पूर्व छात्रों का संस्थान के प्रति भावनात्मक लगाव बना रहता है. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पुराने छात्रों के महाविद्यालय से जुड़ने पर नए छात्रों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें प्रोत्साहन भी मिलता है. साथ ही यह संस्था के लिए भी एक उपलब्धि है कि यहाँ नए और पुराने छात्रों के बीच एक मेल-मिलाप का वातावरण बना हुआ है. उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय एल्युमिनी एसोसिएशन में सभी पदाधिकारी महाविद्यालय के अलग अलग पाठ्यक्रमों से चुने गए हैं. इसके बाद एल्युमिनी एसोसिएशन की गतिविधियों का संचालन नए पदाधिकारी ही करेंगे.
आज के आयोजन में अग्रसेन महाविद्यालय एल्युमिनी एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा भी की गई. इनमे रुचि शर्मा (अध्यक्ष), देवेंद्र यादव (उपाध्यक्ष), रूखमणी अग्रवाल (सचिव), श्वेता अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), देविका परमार (सह सचिव).तथा सदस्य के रूप में कुलदीप अग्रवाल, नीलू अग्रवाल, दशरथ यादव एवं ललिता यादव का चयन किया गया.
इस मौके पर प्राचार्य डा युलेन्द्र कुमार राजपूत ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एल्यूमिनी मीट से पूर्व छात्रों का अपने शिक्षकों के साथ नए सिरे से सार्थक संवाद कायम होता है. यही इसकी उपयोगिता है उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों में सामूहिक रूप से रचनात्मक कार्य करने की ललक पैदा होती है. उन्होंने आमंत्रित अतिथियों की प्रेरक उपस्थिति के लिए उनके प्रति आभार जताया,
कार्यक्रम में कंप्यूटर संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो विकास शर्मा, प्रबंध संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ शोभा अग्रवाल, पत्रकारिता संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ आकांक्षा दुबे तथा समाज कार्य संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो मो. रफीक ने अपने अपने विभागों के पुराने विद्यार्थियों
की उपलब्धियों की चर्चा की. इस आयोजन में कुछ पूर्व छात्रों ने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. कार्यक्रम में शामिल होने आये पूर्व विद्यार्थियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर कुछ पूर्व छात्रों ने अपने सुझाव भी दिए वहीं कुछ विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में अपनी पढाई के पुराने समय से जुड़े अनुभव भी बांटे. कार्यक्रम के समापन अवसर पर पत्रकारिता विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ आकांक्षा दुबे ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन आई.क्यू.ए.सी. कोऑर्डिनेटर डॉ डॉली पाण्डेय ने किया. कार्यक्रम में सभी प्राध्यापकों ने अपना सक्रिय सहयोग दिया.









