पंजाब के फगवाड़ा के गौशाला बाज़ार क्षेत्र में मंगलवार देर शाम उस समय तनाव फैल गया जब शिवसेना के वरिष्ठ नेता इंद्रजीत करवल और उनके बेटे जिमी करवल पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जिमी करवल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत फगवाड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हमलावरों ने मौके पर तीन राउंड फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। हिंदू संगठनों ने इस हमले के विरोध में बुधवार 19 नवंबर को फगवाड़ा बंद रखने का एलान किया है। खबर लिखे जाने तक शिवसेना नेताओं द्वारा हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है।
हमले की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन प्रारंभिक संकेत इस घटना को 13 अप्रैल 2018 के गोल चौक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें गोली लगने से एक युवक की मौत हुई थी। इस मामले में इंद्रजीत करवल और उनके साथियों को करीब चार साल जेल में रहना पड़ा था और वे हाल ही में जमानत पर रिहा हुए थे।









