धमतरी जिले के अधिकांश स्कूल में शिक्षकों की कमी होने से पढाई प्रभावित हो रही है। इससे नाराज मगरलोड क्षेत्र के ग्राम सरगी के ग्रामीणों ने प्राथमिक और माध्यमिक शाला में ताला जड दिया। इस दौरान शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन की सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द शिक्षक की व्यवस्था करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक शाला में 71 और माध्यमिक शाला में 93 विद्यार्थी अध्यनरत हैं। प्राथमिक शाला में 3 शिक्षक है, जिसमें एक प्रधानपाठक का काम करते हैं। इसके कारण वह स्कूल के काम से आए दिन बाहर जाते रहते हैं। एक शिक्षक हमेशा अनुपस्थित रहते हैं, जबकि एक शिक्षक कक्षा पांचवी तक के बच्चों को पढाते हैं। यही हाल माध्यमिक शाला का है। ऐसे में शिक्षक नहीं होने से स्कूल में पढाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। इसलिए ग्रामीण और पालक शिक्षक की मांग कर रहे हैं।










