रायपुर, 25 नवंबर 2025।एपीएल अपोलो इंडस्ट्रीज ने छत्तीसगढ़ में लगभग 1200 करोड़ रुपये के बड़े औद्योगिक निवेश का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा है। कंपनी चेयरमैन संजय गुप्ता ने अपनी टीम के साथ नई दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की।
कंपनी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ में उत्पादन क्षमता बढ़ाने और नए औद्योगिक संयंत्रों की स्थापना को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेश-अनुकूल वातावरण और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे को देखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है।
बैठक के दौरान कंपनी ने एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल की भी घोषणा की। एपीएल अपोलो ग्रुप ने कहा कि वह छत्तीसगढ़ में 100 बिस्तरों का एक आधुनिक चैरिटी अस्पताल स्थापित करेगी। इस अस्पताल का उद्देश्य आम नागरिकों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
कंपनी का कहना है कि औद्योगिक निवेश और सामाजिक सेवा, दोनों ही पहलें राज्य के विकास की गति को और मजबूत करेंगी।










