रायपुर, 05 सितंबर 2024 – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य में मजबूत अधोसंरचना के निर्माण के लिए लगातार स्वीकृतियां मिल रही हैं। इस क्रम में जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर क्षेत्र में चांदीडांड से हात्ता हल्काटोली तक की सड़क निर्माण के लिए 2.36 किलोमीटर की लंबाई में 3.39 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। वहीं पत्थलगांव क्षेत्र में बगिया-सूजीबहार मार्ग के मजबूतीकरण कार्य के लिए 7.98 करोड़ रुपए, बाबूसाजबहार से गोलीडीह नदी तक के मार्ग निर्माण के लिए 4.03 करोड़ रुपए और कांसाबेल के करंजटोली रजौटी मार्ग के निर्माण के लिए 3.36 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री की सरकार ने पिछले 9 महीनों में जिले में विकास की रूपरेखा तैयार कर काम शुरू कर दिया है। सड़कें, पुल-पुलिया, स्कूल, छात्रावास, सिंचाई के लिए एनीकट, नहरों का सुधार, अस्पतालों के निर्माण और अन्य शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।










