रायपुर, 26 सितम्बर 2025।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि मण्डल ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर रायपुर की संचालिका ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने मुख्यमंत्री को 10 से 13 अक्टूबर तक माउंट आबू में आयोजित होने वाले वैश्विक शिखर महासम्मेलन में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधि मंडल को बधाई देते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा शांति, आध्यात्मिकता और मानवता के कल्याण के लिए किया जा रहा कार्य समाज के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया और सम्मेलन की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
भेंट के दौरान ब्रह्माकुमारी सविता दीदी ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी रायपुर प्रवास के दौरान नवा रायपुर, सेक्टर-20 स्थित “एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड – शांति शिखर” के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिनिधि मण्डल में ब्रह्माकुमारी सविता दीदी के साथ बीके रश्मि दीदी, बीके महेश डोडवानी और बीके हीरेन्द्र नायक उपस्थित रहे।










