गाजियाबाद- यूपी के जिला गाजियाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शनि मंदिर के बाहर बने चेंजिंग रूम के ऊपर CCTV कैमरा लगा हुआ मिला है। इस कैमरे की लाइव फीड मंदिर महंत मुकेश गोस्वामी के मोबाइल पर थी। पुलिस को DVR से महिलाओं के कपड़े बदलते हुए कुछ क्लिप्स भी मिली हैं। पुलिस ने फिलहाल CCTV और उसका DVR कब्जे में ले लिया है। महंत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, फिलहाल वो फरार है।
बेटी संग कपड़े बदल रही थी महिला, तब पता चला
गाजियाबाद में मेरठ रोड पर कस्बा मुरादनगर है। यहां से गंगनहर बहती है। लोग इसे छोटा हरिद्वार भी कहते हैं। इसी नहर किनारे शनि मंदिर भी बना हुआ है। हर रोज सैकड़ों लोग गंगनहर में स्नान करते हैं और मंदिर के दर्शन करते हैं। स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए एक चेंजिंग रूम शनि मंदिर घाट के ठीक बाहर बना हुआ है। ये पूरा मामला उस समय सामने आया, जब मुरादनगर इलाके के एक गांव की महिला अपनी 14 वर्षीय बेटी के साथ 21 मई को कपड़े चेंज कर रही थी। महिला के मुताबिक, चेंजिंग रूम के ऊपर एक CCTV कैमरा लगा हुआ था। आरोप है कि मंदिर का महंत मुकेश गोस्वामी इस कैमरे की फीड को अपने मोबाइल पर लेकर महिलाओं के कपड़े बदलने के दृश्य को देखता रहता था। महिला का ये भी आरोप है कि जब मैंने इस पर आपत्ति जताई तो महंत मेरे साथ बदतमीजी की और जान से मारने की धमकी दी।
महंत के खिलाफ FIR, गिरफ्तारी को लगाईं पुलिस टीमें
गाजियाबाद पुलिस के DCP विवेक चंद यादव ने बताया- महिला की शिकायत पर महंत मुकेश गोस्वामी के खिलाफ थाना मुरादनगर में 23 मई को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जब इस प्रकरण की जांच की तो आरोप सही मिला। सीसीटीवी चेंजिंग रूम के ठीक ऊपर लगा हुआ था और उसका फोकस चेंजिंग रूम पर ही था। हमें DVR से 5 दिन की रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई है, उसमें आपत्तिजनक वीडियो मिली है। महंत के मोबाइल की जब जांच हुई तो उसमें भी लाइव फीड पाया गया।










