रायपुर । असम में आई भीषण बाढ़ के चलते उत्पन्न गंभीर हालातों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदनाओं और अंतरराज्यीय सहयोग का परिचय देते हुए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
यह सहायता राशि असम में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों में उपयोग की जाएगी, जिससे प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत मिल सके। इस कदम को देशभर में सहयोग और एकजुटता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर बातचीत कर वहां की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय राज्यों के बीच सहयोग ही सच्ची राष्ट्रीय एकता का परिचायक होता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर है।










