रायपुर, 13 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान रायपुर जिले के अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मदद के लिए 90 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। मुख्यमंत्री ने यह राशि चेक के माध्यम से प्रदान की।
पिंटू राम साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने के लिए सहयोग मांगा था। मुख्यमंत्री ने उनकी परिस्थिति को समझते हुए तुरंत आर्थिक अनुदान देने का निर्णय लिया। सहायता राशि प्राप्त करते ही साहू ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह मदद उनके लिए खेल जीवन में नई ऊर्जा लेकर आई है।
पिंटू राम साहू पिछले चार वर्षों से रग्बी खेल से जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्होंने 2 अक्टूबर 2025 को ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया था। वे वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद निरंतर खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय द्वारा की गई यह पहल राज्य में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।









