रायपुर। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर रायपुर कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परिसर स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को नमन किया।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के सिद्धांत आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उनके विचार समाज को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर आगे बढ़ने तथा आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में आगे बढ़ना सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










