पंजाब के विधानसभा क्षेत्र दाखा के गांव जांगपुर के एक पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता 49 वर्षीय दलजीत सिंह हैप्पी बाजवा ने गांव हिस्सोवाल में जाकर जहर निगल लिया। बाजवा कांग्रेस के स्पोर्टस एंड कल्चरल सेल देहाती का जिला चेयरमैन था। इससे पहले उसने पार्टी अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के नाम आडियो जारी किया था। घटना की जानकारी मिलते ही सिद्धू भी उसके घर पहुंचे औैर परिवार को सांत्वना दी। वहीं मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर उसकी मौत पर दुख जताया और डीजीपी दिनकर गुप्ता को मामले की जांच आदेश दिए और आरोपियों के खिलाफ तत्काल केस दर्ज कर गिरफतार करने को कहा है।
हैप्पी बाजवा ने आत्महत्या करने से पहले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू को संबोधित करते हुए आडियो इंटरनेट मीडिया में शेयर किया। इसमें उसने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सिस्टम में कोई सुनवाई नहीं है। मैंने अंतिम सांस तक कांग्रेस की सेवा की। तीस साल सेवा के बावजूद अपने परिवार के लिए आटा-दाल तक नहीं लगवा पाया। चुनावों में पार्टी के प्रचार के लिए मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब सहित कुछ और राज्यों में भी काम किया। पार्टी के पोस्टर तक लगाए। पार्टी के लिए काम करने के दौरान कई बार मुझ पर केस भी दर्ज हुए। कई तरह की चुनौतियों के बावजूद पार्टी का साथ नहीं छोड़ा लेकिन मिला कुछ नहीं। इस बात का मलाल हमेशा रहेगा। आडियो में गांव के तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। वह कहता है कि उसने जमीन खरीदी लेकिन उसमें भी रुकावट डाली जा रही है। अब वह अपने जीवन से परेशान है। दलजीत के भाई सुरिंदर सिंह ने कहा कि यह आडियो उनके भाई की है। थाना दाखा की पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।










