अंबिकापुर नगर निगम के चुनाव के लिए परिसीमन का प्रारंभिक प्रकाशन पर कांग्रेस के पार्षदों ने आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि यह परिसीमन भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के इशारे पर किया गया है। इससे नगर निगम क्षेत्र में कई वार्ड अवस्थित हो जाएंगे और वहां का विकास कार्य सही तरीके से नहीं हो पाएगा। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि भाजपा अपने पक्ष के पार्षदों को चुनाव जीतने के लिए नियमों को ताक पर रखकर परिसीमन कराई है। अगर परिसीमन में संशोधन नहीं होता है तो कानूनी कार्यवाही के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
अंबिकापुर नगर निगम में 48 वार्ड है और दिसंबर में नगर निगम का चुनाव संभावित है। ऐसे में निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र में आने वाले वार्डो का नए सिरे से परिसीमन कर दिया है। कांग्रेस का कहना है कि 2011 में जनगणना होने के बाद से शहर में दोबारा जनगणना नहीं हुआ है। ऐसे में नए सिरे से परिसीमन की जरूरत नहीं थी, लेकिन इसके बाद भी भाजपा ने अपने पक्ष के पार्षदों को चुनाव में जीताने के लिए नियमों को ताक पर रखकर अवस्थित तरीके से नए वार्डों का गठन किया है। इससे वार्डों में होने वाले विकास कार्यों को करने में भी परेशानी होगी। कलेक्टर के समक्ष परिसीमन में संशोधन के लिए कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है।










