रायपुर। अंतरराष्ट्रीय हालात और पश्चिमी देशों में युद्ध की स्थिति के बीच रायपुर में एलपीजी सिलिंडर वेटिंग की समस्या बढ़ गई है। जिले की गैस एजेंसियों में 950 से 1,100 सिलिंडर की लंबी वेटिंग चल रही है। अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण होम डिलीवरी प्रभावित हो रही है और उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
वैकल्पिक ईंधन की कीमतें भी बढ़ीं
बढ़ी मांग के कारण लकड़ी जैसी वैकल्पिक ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। बुजुर्ग और अन्य परिवार टिंबर मार्केट से जलाऊ लकड़ी खरीद रहे हैं, वहीं रेडीमेड चूल्हा भी खरीदा जा रहा है। सामान्य दिनों में सिलिंडर कुछ ही दिनों में मिल जाता था, लेकिन पैनिक बुकिंग के चलते अब उपभोक्ताओं को 5-7 दिन या उससे ज्यादा समय इंतजार करना पड़ रहा है।
तकनीकी और सर्वर समस्याएं
लगातार बढ़ती बुकिंग ने एजेंसियों के सर्वर पर भी दबाव बढ़ा दिया। कई उपभोक्ताओं को एसएमएस कंफर्मेशन नहीं मिल पा रहा है। हालांकि विभाग का कहना है कि स्टॉक पर्याप्त है और यह वास्तविक कमी नहीं है। सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है और आने वाले दो-तीन दिन में वेटिंग सामान्य होने की उम्मीद है।
प्रशासन की अपील
जिला नियंत्रक भूपेंद्र मिश्र ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि केवल आवश्यकता के अनुसार ही सिलिंडर बुक करें। इससे वितरण व्यवस्था सुचारू रहेगी और होम डिलीवरी में होने वाली असुविधा कम होगी। प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है और एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।










