रायपुर।नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 5 में आज अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त के निर्देश पर जोन 5 की टीम ने पंडित सुन्दरलाल शर्मा वार्ड क्रमांक 41 स्थित पंडित सुन्दरलाल शर्मा स्कूल, सुंदर नगर के पास कार्रवाई करते हुए नाले पर लगे पान ठेला और गुमटी को हटाकर जप्त किया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व जोन कमिश्नर खीरसागर नायक ने किया। अभियान के दौरान नगर निवेश विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों की निगरानी में नाले की विशेष सफाई करवाई गई, जिसमें करीब दो ट्रक मलबा बाहर निकालकर तत्काल परिवहन किया गया।
निगम प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई जनहित और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है। नाले पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही थी, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ था।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
–










