श्रीनगर में गुरुवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन आतंकी मारे गए, जबकि सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ अभी भी श्रीनगर के बटमालू इलाके में चल रही है। पुलिस और सीआरपीएफ के जवान मोर्चे पर हैं। आतंकियों की तलाश जारी है। वहीं मुठभेड़ में एक महिला की मौत हो गई है जिनकी पहचान कौंसर रियाज के रूप में की गई है।
सेना के मुताबिक इलाके में कुछ आंतकी छिपे होने की जानकारी मिली थी। इस सूचना के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू कर आतंकवादियों को घेर लिया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। अभी दोनों और से फायरिंग चल रही है।
मंगलवार को भी पुलवामा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच एनकाउंटर हुआ था। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शाम करीब पौने छह बजे, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के परिगाम में आतंकवादियों ने थल सेना की राष्ट्रीय राइफल्स के एक दल पर गोलीबारी की थी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई ने आतंकियों को भागने पर मजबूर कर दिया था।
इससे पहले बारामूला जिले की मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए थे। इस एनकाउंटर में सेना का एक अधिकारी और एसओजी जवान घायल हो गया था। बारामूला में पट्टन इलाके के येदिपोरा में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को घेरकर ढेर कर दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में पट्टन इलाके के येदिपोरा में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की, जिससे अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया।










