उत्तर प्रदेश के हापुड़ की रहने वाली फेमस यूट्यूबर वंशिका एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लेकिन इस बार वह अपने किसी गाने या डांस की वजह से नहीं, बल्कि अपनी ही मां के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप के चलते चर्चा में हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
हैरान करने वाली बात यह है कि ये आरोप खुद वंशिका के माता-पिता ने ही लगाए हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के बाद वंशिका का व्यवहार पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वंशिका ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल देने की धमकी दी।सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें वंशिका अपनी मां के साथ हाथापाई करती साफ नजर आ रही हैं। वीडियो में वह अपनी मां से यह कहती सुनाई देती हैं, “ये मेरा प्लॉट है, मेरा घर है।”
पहले दोनों के बीच तीखी बहस होती है और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। वंशिका अपनी मां पर हाथ उठाती और उन्हें मारती-पीटती दिख रही हैं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग भड़क गए हैं और यूट्यूबर की जमकर आलोचना कर रहे हैं। वहीं, वंशिका के पड़ोसियों ने भी घर में अक्सर झगड़े होने की बात की पुष्टि की है। लोगों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से उन्हें आए दिन झगड़े की आवाजें सुनाई दे रही थीं।










