शाहजहांपुर।शाहजहांपुर के परौर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी में बेटी सुनैना की हत्या करने के आरोपी भूपेंद्र को पुलिस पकड़ नहीं सकी है। वहीं, सुनैना की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में निर्मम ढंग से हत्या करने की बात सामने आई है। धारदार हथियार से सिर-कंधे और गर्दन पर ताबड़तोड़ छह बार वार किए गए। हड्डी तक गर्दन कट गई थी। परौर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी में राजमिस्त्री का काम करने वाले भूपेंद्र सिंह की बेटी सुनैना (16) का किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। भूपेंद्र सिंह पहले भी बेटी को मना कर चुका था। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सुनैना मोबाइल पर युवक से बात कर रही थी। तभी भूपेंद्र ने सुनैना को डांटा तो उसने भी पलटकर जवाब दे दिया। इससे बौखलाए भूपेंद्र सिंह ने धारदार हथियार से बेटी पर ताबड़तोड़ वार किए थे। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के अनुसार भूपेंद्र ने सुनैना के गले पर दो वार किए थे। इससे हड्डी तक कटकर गर्दन लटक गई थी। इसके साथ उसने दोनों कंधों पर वार किए थे जिससे कंधे की हड्डी कट गई। दो वार सुनैना के हाथ पर किए। कुल छह वार किए गए। सुनैना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।पुलिस के मुताबिक यह बताना मुश्किल है कि हथियार कौन सा था। रिपोर्ट के मुताबिक हथियार की लंबाई आधा मीटर से अधिक होने की संभावना है। बुधवार शाम को पुलिस की सुरक्षा के बीच सुनैना के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।









