कोरबा : जिले में बीते चार दिन के अंदर चार छात्र-छात्राओं ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना से बच्चे के अभिभावक तो शोक में डूब ही गए हैं। साथ ही क्षेत्र के लोग भी स्तब्ध हैं। जान देने वाले छात्र में 12 वीं कक्षा के दो, 10 वीं कक्षा और नौवीं कक्षा की एक-एक छात्रा शामिल हैं। सभी घटनाएं परीक्षा अवधि के दौरान सामने आई हैं। पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र के धमनागुड़ी मोहार गांव की है। जहां सोमवार की रात नौवीं की 16 वर्षीय छात्रा गीता महंत ने तालाब किनारे पेड़ में फांसी लगा ली। बताया गया कि मां के निधन के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थी। दूसरी घटना मंगलवार को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर दुरपा में कक्षा 10 वीं की छात्रा अंजली केंवट 17 वर्ष ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी और उस समय घर पर अकेली थी। इसी क्रम में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर आईटीआई बस्ती में 12वीं के छात्र उज्ज्वल डडसेना उर्फ ध्रुव 17 वर्ष ने घर के कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी। वह एक प्रतिष्ठित स्कूल का छात्र और कक्षा नायक था। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ही सीएसईबी कालोनी में निवासरत छात्र दीपांशु कौशिक ने घर में अकेले रहते हुए आत्महत्या कर ली। वह कक्षा 12 वीं का छात्र था और परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था।









