एनसीआर नोएडा में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए हैं। नूपुर श्योराण ने गोल्ड, जबकि नवीन झांझड़िया और नीरज फोगाट ने कांस्य पदक जीते। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हरियाणा के चरखी दादरी से विधायक सुनील सांगवान और बाढ़ड़ा विधायक उमेद पातुवास ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
गांव उमरवास की नूपुर श्योराण ने 80 प्लस भारवर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने उज़्बेकिस्तान की खिलाड़ी को 3-2 से मात दी। इससे पहले, सितंबर में आयोजित विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी नूपुर रजत पदक जीत चुकी हैं। नूपुर के दादा हवासिंह श्योराण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और उन्हें गुरु द्रोणाचार्य पुरस्कार भी प्राप्त है।
इसी तरह, गांव घिकाड़ा निवासी और वन विभाग में बेलदार के रूप में कार्यरत नवीन झांझड़िया तथा गांव झिंझर के नीरज फोगाट ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। दादरी और बाढ़ड़ा के विधायकों ने कहा कि दादरी जिले के खिलाड़ी लगातार मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के परिजनों से बातचीत कर उनके भविष्य की सफलता की कामना भी की।










