रायपुर, 30 दिसंबर 2024: आगामी शिक्षा सत्र में राज्य के विद्यार्थियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पाठ्य पुस्तकों के वितरण कार्य की निगरानी के लिए ‘ऑनलाइन ट्रैकिंग ऐप’ का उपयोग किया जाए।
यह निर्देश मुख्यमंत्री ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम की कार्यकारिणी सभा की 89वीं बैठक में दिए। उन्होंने यह भी कहा कि निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद और निविदाएं जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल और बसवराजु एस., तथा पाठ्य पुस्तक निगम के प्रबंध संचालक संजीव कुमार झा उपस्थित रहे।










