टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने रैंकिंग जारी कर दी है। ताज़ा रैंकिंग के मुताबिक, टीम इंडिया ने टी20 इंटरनेशनल में खुद को नंबर वन पर बनाए रखा है। टीम इंडिया पहले भी अव्वल नंबर पर थी। टी20 विश्व कप से पहले फॉर्मेट की नंबर वन रैंकिंग पर दबदबा बनाए रखना भारतीय टीम को टूर्नामेंट में कॉन्फिडेंस देगा। रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर काबिज़ है।
टीम इंडिया ने 264 रेटिंग के साथ अपने सिर पर नंबर वन का ताज सजाए रखा, जबकि ऑस्ट्रेलिया 257 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर रही। टी20 वर्ल्ड कप की डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड 254 रेटिंग के साथ तीसरे पायदान पर है और वेस्टइंडीज़ 252 रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर आती है। वेस्टइंडीज़ ने दो पायदान की छलांग लगाते हुए नंबर 4 पायदान हासिल किया। फिर न्यूज़ीलैंड 250 रेटिंग के साथ पांचवें पायदान पर है।
रैंकिंग में पाकिस्तान टॉप-5 के अंदर जगह नहीं हासिल कर सकी। पाकिस्तान टीम 244 रेटिंग के साथ छठे पायदान पर है। दक्षिण अफ्रीका 244 रेटिंग के साथ सातवें पायदान पर है। वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 0-3 से हार के बाद अफ्रीका तीन पायदान नीचे खिसक गई है।
गौर हो कि टी20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 01 जून से होगी, जबकि टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 05 जून से करेगी। टीम इंडिया पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी। फिर टीम इंडिया की दूसरी भिड़ंत 09 जून को पाकिस्तान के खिलाफ होगी।










