रायपुर, 26 नवंबर 2025//भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और खेल जगत में नई ऊर्जा का प्रतीक है। यह फैसला हमारे खिलाड़ियों की निरंतर बढ़ती उत्कृष्टता और देश की खेल क्षमता को अंतरराष्ट्रीय सम्मान दिलाने वाला है।
मुख्यमंत्री ने इसे भारत के खेल इतिहास में जुड़ा एक स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि यह हर भारतीय के सपनों को नई उड़ान देने वाला अवसर है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना करोड़ों भारतीयों की उम्मीदों, जज़्बे और जुनून का सम्मान है।
साय ने कहा कि यह घोषणा देश में उत्साह की नई लहर लेकर आई है और इससे हर बच्चे, युवा और खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दुनिया के सामने प्रस्तुत करने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि भारत खेल महाशक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह मेजबानी उसी यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।










