रायपुर, 6 अक्टूबर 2025। नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के पैरा-एथलीट्स ने अपने अदम्य साहस, कठिन परिश्रम और जज़्बे के बल पर एक नया इतिहास रच दिया है। भारतीय दल ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 22 पदक—जिसमें 6 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य शामिल हैं—जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय पैरा खिलाड़ियों के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इसने यह साबित कर दिया है कि संकल्प और परिश्रम के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे पैरा एथलीट्स ने दिखाया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण से हर असंभव को संभव बनाया जा सकता है। उनका यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्पद है।”
उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता ‘नए भारत की नई उड़ान’ का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरा देश इन खिलाड़ियों पर गर्व महसूस करता है, जिन्होंने वैश्विक मंच पर भारतीय जज़्बे और आत्मबल की नई पहचान स्थापित की है।










