रायपुर, 8 नवंबर 2024। राज्य शासन ने रायपुर कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ लिपिक प्रदीप उपाध्याय की खुदकुशी और सुसाइड नोट में तीन विभागीय अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से ब्राम्हण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर मामले की जांच कराने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और रायपुर संभाग के कमिश्नर को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने ब्राम्हण समाज के आग्रह पर संवेदनशील रुख अपनाते हुए मृतक के परिजन को अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का भी आश्वासन दिया है।









