धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसे में राजमिस्त्री की जान चली गई। मकान निर्माण के दौरान बांस की चैली पर काम कर रहे मिस्त्री का संतुलन बिगड़ने और वह खुद को नहीं संभाल पाया, इस दौरान वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भोथली गांव निवासी राजेंद्र ध्रुव पेशे से राजमिस्त्री थे और एक निर्माणाधीन मकान में ईंट जोड़ने का काम कर रहे थे। काम के दौरान वह बांस से बनी चैली पर चढ़कर दीवार का निर्माण कर रहा था। इसी बीच अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गए। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण राजेंद्र ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही निर्माण स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।










