पूरे 1 हफ्ते तक फ्लाइट रद्दीकरण के बाद इंडिगो की उड़ाने अब पटरी पर लौट चुकी हैं। इंडिगो एयरलाइंस के ज्यादातर विमान आसमान में उड़ान भर रहे हैं। हालांकि, इंडिगो ने आज भी 60 से ज्यादा फ्लाइट्स रद करने की घोषणा की है। इंडिगो की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, आज इंडिगो की कुल 67 फ्लाइट्स कैंसिल की गई हैं। इनमें चेन्नई, बेंगलुरु और तिरुवनंतपुरम जैसे एयरपोर्ट्स के नाम शामिल है। वहीं, इंडिगो की लापरवाही के बाद सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। पिछले 7 दिनों में इंडिगो ने 4500 से ज्यादा फ्लाइट्स रद की थीं। सरकार का कहना है कि अब वो इंडिगो की फ्लाइट्स में कटौती करके कुछ स्लॉट दूसरी एयरलाइंस को भी दिए जाएंगे।
केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बीते दिन संसद में इंडिगो को चेतावनी देते हुए कहा था कि मामले की जांच शुरू हो गई है। सरकार इसपर ऐसी सख्त कार्रवाई करेगी कि भविष्य में सभी एयरलाइंस के लिए उदाहरण सेट होगा।नायडू ने देश में नई एयरलाइंस शुरू करने की भी बात कही है। उन्होंने कहा, देश को कम से कम 5 बड़ी एयरलाइंस की जरूरत है और नई एयरलाइंस शुरू करने का ये सबसे सही समय है। इंडिगो अभी देश में 2200 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट कर रही है, जिसे कम किया जाएगा।










