ईरान में हिजाब के विरोध में उग्र प्रदर्शन जारी है। दूसरे देशों में भी इसका समर्थन लगातार बढ़ रहा है। आस्कर विजेता फ्रेंच अभिनेत्रियों जुलिएट बिनोचे, मैरिअन कोटिलर्ड समेत 50 से अधिक फ्रांसीसी महिला कलाकरों ने प्रतीकात्मक रूप से अपने बाल काटकर ईरान के हिजाब विरोधी आंदोलन का समर्थन किया है।
महिलाओं की आजादी का समर्थन करने की बात कहते हुए जुलिएट बिनोशे ने वीडियो पोस्ट किए हैं। इसमें वह कैंची से अपने सिर के बाल काटते हुए दिख रही हैं। हैशटैग से इस तरह के तमाम वीडियो बहुप्रसारित हो रहे हैं। वही, इंटरनेट मीडिया पर ईरान के स्कूली छात्राओं का वीडियो प्रसारित हो रहा है जिसमें डेथ टू खामनेई का नारा लगाते दिख रही हैं। हालांकि रायटर ने इसे अपुष्ट बताया है।
इसी तरह, यूरोपीय यूनियन की असेंबली में भाषण के दौरान यूरोपीय संसद की एक स्वीडिश सदस्य ने भी अपने बाल काटकर महसा अमीनी का समर्थन किया है। इराकी मूल की अबीर अल साहलानी ने फ्रांस में स्ट्रासबर्ग स्थित यूरीपीय संसद में हिजाब विरोधी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि जब तक ईरान में महिलाओं को आजादी नहीं मिल जाती तब तक हम आपके साथ खड़े हैं।
ईरान ने ब्रिटेन के राजदूत को दूसरी बार किया तलब
ईरान ने ब्रिटेन के राजदूत सिमन शेरक्लिफ को दूसरी बार समन जारी कर हिजाब विरोधी आंदोलन को भड़काने का आरोप लगया है। यह समन ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लीवर्ली द्वारा ईरानी प्राधिकारियों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन का सम्मान करने व गलत तरीके से हिरासत में लिए गए प्रदर्शननकारियों को छोड़ने के अनुरोध करने के दो दिन बाद आया है।










