बरसात के आते ही डायरिया संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। बिलासपुर के चाटीडीह मुहल्ले में डायरिया से करीब 53 लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं 2 लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है दूषित पानी पीने की वजह से लोग डायरिया के चपेट में आए है। डायरिया संक्रमण की सूचना बाद से स्वास्थ विभाग सकते में है। आनन फानन में जिला चिकित्सा अधिकारी ने मुहल्ले में कैम्प लगा कर लोगों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगो से पानी उबाल कर पीने की सलाह दी जा रही है।
गौर हो कि इससे पहले भी जिले में डायरिया से 7 लोगों की मौत हो गई थी। अब 2 और लोगों की मौत हो गई। दरअसल, बरसात के पहले नगर निगम को पानी सप्लाई के लिए आउट टंकी की सफाई करनी चाहिए थी। मगर, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के कारण समय पर टंकी की सफाई नहीं करवाई गई। इससे लोगों को बरसात में प्रदूषित पानी मिल रहा है। दूषित पानी पीने के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं और डायरिया का प्रकोप फैल रहा है।









