रायपुर, 09 अगस्त 2024/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की योजना के अनुसार, सूरजपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कुमेली जलप्रपात और पहाड़गांव क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में पहले से चल रहे निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

पहाड़गांव, अंबिकापुर रोड पर सिलफिली के पास स्थित है, जहां खोखनिया बांध से बनी झील पहाड़ों के बीच एक शांत और सुंदर दृश्य प्रस्तुत करती है। प्रशासन द्वारा यहां पहुंच मार्ग और अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, ताकि यह स्थल पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक हो सके।

पर्यटन विकास के तहत क्षेत्र में पर्यटकों की सुरक्षा, खाद्य और पेयजल की उपलब्धता, हट पैगोडा निर्माण, अपशिष्ट प्रबंधन और शौचालय की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। झील में बोटिंग की सुविधा शुरू करने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है।
कुमेली जलप्रपात के विकास के लिए जिला प्रशासन ने अपशिष्ट प्रबंधन, चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा इंतजाम और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यहां लगे सोलर लाइट और शौचालय की मरम्मत भी की जाएगी। यह जलप्रपात सूरजपुर से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है और घने वन के बीच में स्थित 50 फीट ऊंचा यह जलप्रपात बारिश के मौसम में बेहद आकर्षक हो जाता है।










