शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही नतीजों तथा विदेशी बाजारों से मिलने वाले संकेतों से तय होगी। इस समय शेयर बाजार रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। सैमको सिक्योरिटीज में इक्विटी रिसर्च हेड येशा शाह ने कहा कि कंपनियों के तिमाही नतीजे इस सप्ताह शेयर बाजारों का रुख तय करेंगे। इस सप्ताह सभी की निगाह इन पर रहेगी। इसके अलावा दलाल स्ट्रीट की निगाह कंपनियों के प्रबंधन की भविष्य की आमदनी के अनुमान पर रहेगी।
उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि कंपनियां पिछली तिमाही से शुरू हुई अपनी रफ्तार को दूसरी तिमाही में भी कायम रखेंगी। ऐसे में कंपनियों के नतीजे अनुकूल या प्रतिकूल रहने का असर निवेशकों पर दिखाई देगा। इस सप्ताह अल्ट्राटेक सीमेंट, एसीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर लि. एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान जिंक, आईडीबीआई बैंक आफ महाराष्ट्र, साउथ इंडियन बैंक, फेडरल बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के तिमाही नतीजे आने हैं।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि आगामी दिनों में बैंकिंग क्षेत्र पर सभी की निगाह रहेगी। इस दौरान बैंकों के तिमाही नतीजों की शुरुआत होगी। कंपनियों के तिमाही नतीजे मजबूत रहने से भारतीय बाजार में खरीदारी जारी रहने की उम्मीद है।”










