रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल में एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा महिला कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. मुख्य आरक्षण कार्यालय में पदस्थ एक आदिवासी महिला कर्मचारी ने सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश त्रिवेदी पर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है.शिकायतकर्ता महिला कर्मचारी, कल्पना कृष्णा स्वामी पुल्लेवार (ECRC), के अनुसार घटना 31 दिसंबर 2025 की शाम करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच की है. महिला कर्मचारी अपने प्रमोशन की फाइल के संबंध में जानकारी लेने मंडल कार्यालय गई थीं. जब उन्होंने विनम्रतापूर्वक सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी से फोन पर फाइल को आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, तो अधिकारी कथित तौर पर भड़क गए.शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सीनियर डीसीएम ने आवेश में आकर चिल्लाते हुए महिला कर्मचारी को धमकाया. महिला का आरोप है कि अधिकारी ने उनसे कहा, “तुम मुझे नहीं जानती कि मैं कौन हूँ, मैं तुम्हारा सीनियर डीसीएम हूं.” शिकायत के मुताबिक, विवाद यहीं नहीं थमा. अधिकारी ने कथित तौर पर एसीएम (ACM) चेंबर में 6-7 कर्मचारियों के सामने और फिर दफ्तर के गेट के बाहर सभी स्टाफ के समक्ष महिला को दोबारा अपमानित किया.










