बस्तर ओलंपिक 2026 के तीसरे संस्करण के लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होंगे। बस्तर क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी रचनात्मकता और खेल प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं नवंबर में आयोजित होंगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को बस्तर ओलंपिक का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है।
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के अंतर्गत 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा सीनियर वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।
1 से 30 अक्टूबर तक होगा पंजीयन
बस्तर ओलंपिक की विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए पंजीयन प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू होकर 30 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद नवंबर और दिसंबर में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 नवंबर से 13 नवंबर तक प्रस्तावित हैं। इसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 नवंबर से 25 नवंबर तक होंगी। संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन 7 दिसंबर से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित किया गया है।
11 खेलों में होंगे मुकाबले
बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स के तहत 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस को शामिल किया गया है।
इसके अलावा तीरंदाजी में 30 मीटर और 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी। बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल में भी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हॉकी और वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी। वहीं सीनियर महिला वर्ग में रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के तौर पर शामिल किया गया है।
पिछले दो संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
बस्तर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से राज्य शासन ने वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक के पहले संस्करण का आयोजन किया था। पहले संस्करण में करीब 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भागीदारी की थी।
वर्ष 2025 में आयोजित बस्तर ओलंपिक के दूसरे संस्करण में भागीदारी का आंकड़ा और बढ़ा। इस दौरान करीब 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों को पहचान देने के लिए पहले संस्करण के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों तथा दूसरे संस्करण के 18 खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।
तीसरे संस्करण के जरिए भी बस्तर क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बड़ा मंच मिलने की उम्मीद है। अक्टूबर में शुरू होने वाली पंजीयन प्रक्रिया के बाद नवंबर से विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।










