क्रिसमस के त्योहार के चलते 25 दिसंबर को केवल भारत ही नहीं दुनियाभर के शेयर बाजार में छुट्टी थी। घरेलू शेयर बाजार में ना तो बीएसई और एनएसई पर कारोबार हुआ, ना ही कमोडिटी मार्केट में कोई ट्रेड और ना ही करेंसी मार्केट खुला। इक्विटी सेगमेंट, डेरिेवेटिव सेगमेंट और एसएलबी सेगमेंट क्लोज रहा।
साथ ही साथ अब ग्लोबल बाजारों में न्यू ईयर की खुमारी नजर आ रही है। मौजूदा हफ्ता 4 कारोबारी सेशन का है, वहीं अगले हफ्ते नया साल 2025 शुरू हो रहा है। इस दिन भी दुनियाभर के बाजारों में से कई बाजार बंद रहने वाले हैं। ग्लोबल बाजारों में नए साल का अवकाश जरूर रहता है, लेकिन भारतीय बाजारों में 1 जनवरी को छुट्टी नहीं रहती है। इस दिन स्टॉक एक्सचेंज से लेकर देश में बैंक, सरकारी दफ्तर आदि सब खुले रहते हैं। हां कुछ चुनिंदा कॉरपोरेट ऑफिसेज जो ग्लोबल कैलेंडर फॉलो करते हैं। वहां अवश्य नए साल का अवकाश देखा जाता है।
विदेशी निवेशकों की तरफ से साल के आखिरी के कुछ दिन और नए साल की शुरुआत के समय बाजार में वैसा उत्साह नहीं देखा जाता है, जैसा बाकी समय जारी रहता है। पिछले कई सालों का ट्रेंड ये बताता है कि विदेशी निवेशक साल के अंत में दुनियाभर के बाजारों में से अपना निवेश भुनाते हैं यानी पैसा निकालते हैं और इसका इस्तेमाल अपने छुट्टियों के खर्च और वैकेशन-टूर आदि पर करते हैं। साल के आखिरी के इन दिनों में सर्दी के लिहाज से भी देखें तो ये अपने चरम पर होती है और इसके दौरान बर्फबारी होने वाली जगहों पर टूरिस्ट जमकर जाते हैं। इसके आधार पर कहा जा सकता है कि अगले एक हफ्ते तक शेयर बाजार में हॉलिडे मूड देखा जाने वाला है।










